Empower Women
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य
सशक्तिकरण एक गहन मुद्दा है, जो सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि एक ऐसी क्रांति है जो पूरे समाज को बदल सकती है। महिलाओं को सृजन की शक्ति माना जाता है, यानी मानव जाति का अस्तित्व महिलाओं के कारण ही माना जाता है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ सृजन की इस शक्ति को विकसित और परिष्कृत करना तथा उन्हें सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय, विचार, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, अवसर की समानता प्रदान करना है।
जब महिलाएँ शिक्षित, स्वतंत्र, और आत्मनिर्भर होंगी, तब समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। नारी सशक्तिकरण का सीधा प्रभाव परिवार और बच्चों पर पड़ता है। एक शिक्षित और सशक्त महिला अपने बच्चों को बेहतर जीवन देने में सक्षम होती है।
शिक्षा से महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होती हैं और अपने लिए सही फैसले लेने में सक्षम बनाती हैं। उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलता है, जिससे वे केवल घर तक सीमित न रहकर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।
"यदि हम एक लड़के को शिक्षित करते हैं, तो हम एक व्यक्ति को शिक्षित करते हैं, लेकिन यदि हम एक लड़की को शिक्षित करते हैं, तो हम पूरे परिवार को शिक्षित करते हैं।" इसी विचारधारा को ध्यान में रखते हुए महिला जागरूकता और शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है |
नारी समाज की आधारशिला है। वह एक मां, एक बहन, एक पत्नी और एक शिक्षिका के रूप में न केवल परिवार बल्कि पूरे समुदाय का निर्माण करती है। वह आधी आबादी है जो बाकी आधी आबादी को शिक्षित करती है। इसलिए महिलाओं के भविष्य की सुरक्षा करना और उन्हें समान अवसर देना अत्यंत आवश्यक है।
हमारा उद्देश्य है महिलाओं में आत्मसम्मान की भावना जागृत करना, उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने की शक्ति देना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का अधिकार दिलाना।
नारी सशक्तिकरण के लिए जागरूकता शिविरों और स्वरोजगार कार्यक्रमों का संचालन हमारा मुख्य उद्देश्य है। हम चाहते हैं कि हर महिला आत्मनिर्भर बने और अपने जीवन की दिशा स्वयं तय कर सके।
शिक्षा के साथ ही, कौशल विकास भी महत्वपूर्ण है। जब लड़कियां और महिलाएं तकनीकी, व्यावसायिक या अन्य तरह के कौशल सीखती हैं, तो उनके पास रोजगार के अधिक अवसर होते हैं। इससे आर्थिक स्वतंत्रता मिलती है और समाज में उनका सम्मान बढ़ता है।
(a) महिला जागरूकता कैंप में गांव में सेनेटरी पैड वितरण, स्कूलों में छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर कैंप लगाने के कार्यक्रम किया जा रहे हैं, जिसमे कुछ मेडिकल टेस्ट के साथ दवाइयां वितरित की जाती है| इसके अलावा स्कूलों में भी बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा के लिए भी कैंप का आयोजन करना हमारी प्राथमिकता है|
(b) आने वाले दिनों में महिलाओं के लिए लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के तहत 200 से अधिक घरेलू उत्पादों के लोकल लेवल पर मैन्युफैक्चरिंग तथा इन उत्पादों का लोकल लेवल पर ही उपभोग हो ऐसी व्यवस्था के बारे में विचार किया जा रहा है इसके लिए हर तहसील स्तर पर महिलाओं के छोटे छोटे समूह को आवश्यक मशीने और ट्रेनिंग के साथ प्रहार के ब्रांड से ही प्रोडक्ट बनाने के लिए प्रेरित करेंगे जो उचित मूल्य में हमारी टीम द्वारा हर गांव प्रहार, गांव गांव प्रहार के तहत हर व्यक्ति की आवश्यकता को पूरा करने के लिए उपलब्ध करवाए जायेंगे |
“यदि महिलाएं प्रगति करेंगी, तो पूरा समाज प्रगति करेगा।” यह कहावत हमें याद दिलाती है कि नारी सशक्तिकरण केवल एक महिला की जीत नहीं, बल्कि पूरे समाज की जीत है।
Comments
Post a Comment